● नवंबर 2022 में आरोपी लड़की को अपने साथ गोपालगंज ले गया था जहां उसने मंदिर में शादी रचाकर लड़की के साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए
फरीदाबाद (नेशनल प्रहरी/ रघुबीर सिंह)। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए महिला थाना एनआईटी प्रभारी इंस्पेक्टर माया व उनकी टीम ने पोक्सो एक्ट के मुकदमे में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम रवि है जो उत्तर प्रदेश के अमेठी का रहने वाला है और उसकी आयु 20 वर्ष है। आरोपी फरीदाबाद में किराए के मकान पर रह रहा था जहां आरोपी ने अपने पड़ोस में रहने वाली एक 15 वर्षीय लड़की को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। नवंबर 2022 में आरोपी शादी का झांसा देकर लड़की को अपने साथ गोपालगंज ले गया जहां आरोपी ने उसके साथ मंदिर में शादी रचाई और उसके साथ वहां पर रहने लगा। आरोपी ने नाबालिक के साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। लड़की के परिजनों की शिकायत पर महिला थाना एनआईटी में पोक्सो तथा बहला-फुसलाकर नाबालिग लड़की का अपहरण करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू की गई। आरोपी की तलाश के लिए थाना प्रभारी द्वारा टीम गठित की गई जिन्होंने कड़ी मशक्कत करते हुए गुप्त सूत्रों तथा तकनीकी सहायता से आरोपी को गोपालगंज से काबू कर लिया। नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद करके आरोपी के साथ फरीदाबाद लाया गया। लड़की को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करके बयान करवाए गए और बयान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेलदारी का काम करता है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से लड़की को जानता था और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के इरादे से उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और मंदिर में शादी रचाकर उसके साथ गलत कार्य किया। पुलिस पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।