नगर निगम का फिर चला पीला पंजा,करीब 100 लोगों के कब्जे हटाये गए

0
103

फरीदाबाद (नेशनल प्रहरी/ रघुबीर सिंह)। मंगलवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाटा चौक से प्याली चौक तक अवैध अतिक्रमण का सफाया कर दिया। करीब 100 लोगों ने ग्रीन बेल्ट की जगह पर कब्जा कर रखा था। जिस पर नगर निगम ने कार्रवाई की। तोड़फोड़ के दौरान कई लोग कार्य को बाधित करने लगे। परन्तु पुलिस बल ने व्यवस्था मजबूती से संभाली। नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता देख इलाके में हड़कंप मच गया है। उधर, अवैध कब्जाधारक अपना समान समेटने में लगे रहे।
बता दें की इससे पूर्व नगर निगम के एसडीओ अमित चौधरी, जेई करण रावत ने तोड़फोड़ दस्ते के साथ बाटा चौक से प्याली चौक तक का सर्वे किया था। जिसके आधार पर करीब 100 लोगों को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह का समय दिया की वह खुद ही कब्जा खाली कर दें। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। नोटिस जारी करने के ठीक एक सप्ताह बाद नगर निगम ने मंगलवार को तोड़फोड़ की। हालांकि, कुछ लोग नोटिस न मिलने का आरोप नगर निगम पर लगाते रहे।
दरअसल, यहां पर लोगों ने ग्रीन बेल्ट की जगह पर इंटलाॅकिंग टाइल्स लगा कर जनरेटर सेट, मशीनरी, पार्किंग, साइकिल स्टैंड आदि बना रखा था। जिसे नगर निगम ने खाली करा दिया है। एसडीओ ने बताया कि ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जा था। जिसे खाली कराया जा रहा है। इसके लिए सभी कब्जाधारकों को नोटिस दिए गए थे।
उल्लेखनीय है की उम्मीद की जा रही अब नगर निगम आगे ग्रीन बेल्ट पर कब्जे नहीं होने देगा। जिससे ग्रीन बेल्ट को खाली कराने का झंझट हमेशा के लिए समाप्त हो सकेगा।