1300 बसों की खरीद करने पर रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का जताया आभार

0
112
  • परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने रोडवेज की अलग-अलग कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों से की मुलाकात
    चंडीगढ़/फरीदाबाद (नेशनल प्रहरी/ रघुबीर सिंह )।
    हरियाणा रोडवेज की 1300 नई बसों की खरीद करने पर प्रदेश की रोडवेज यूनियन ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा का आभार जताया है। गुरुवार को हरियाणा रोडवेज की सभी कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी परिवहन मंत्री के आवास पर पहुंचे और हरियाणा सरकार के इस कदम की प्रशंसा की। इस दौरान परिवहन मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर रोडवेज के बेड़े को बढ़ा रही है, ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मिले।
    इस मुलाकात के दौरान रोडवेज यूनियन के पदाधिकारियों ने नई भर्ती, 2016-17 के लंबित बोनस व अन्य मांगे परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के समक्ष रखी। परिवहन मंत्री ने इन मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि इन पर विचार किया जाएगा। कर्मचारी यूनियन हरियाणा सरकार द्वारा नई बसों की खरीद पर उत्साहित नजर आई और कहा कि पिछले 20 वर्ष में इतनी बसों की यह सबसे बड़ी खरीद है।
    परिवहन मंत्री ने कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता व रोडवेज कर्मचारियों के हित में निरंतर प्रयासरत है। हरियाणा रोडवेज गरीब आदमी का जहाज है। आज देशभर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में हरियाणा रोडवेज की धाक है। हरियाणा रोडवेज में आए दिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने 1300 बसों की खरीद का फैसला लिया है। इसमें 1 हजार सामान्य बसें, 125 मिनी एसी बसें और 150 एसी बसें शामिल हैं।
    प्रदेश में होगा कुल 5 हजार रोडवेज बसों का बेड़ा: परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज की 100 बसों की बॉडी तैयार हो चुकी है, जो अलग-अलग डिपो में जा चुकी हैं। 700 बसों की बॉडी भी जल्द तैयार हो जाएगी और इनकी डिलीवरी भी जल्द मिलेगी। इसके बाद प्रदेश में कुल 5 हजार बसों का बेड़ा हो जाएगा। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के बेड़े में जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक बसों को भी शामिल किया जाएगा। परिवहन विभाग अगले महीने 550 इलेक्ट्रिक बसों का टेंडर करने जा रहा है। उसके बाद जल्द ही इन इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी।